Municipal Council Market: नगर परिषद के मार्केट निर्माण में लगा मजदूर बिजली करंट के चपेट में आकर बुरी तरह झुलसा, मची अफरा तफरी
शेखपुरा। शुक्रवार को शहर के चांदनी चौक वीआईपी रोड में उस समय अफरा तफरी मच गई। जबकि वीआईपी रोड स्थित नगर परिषद शेखपुरा के मार्केट का निर्माण कार्य चल रहा था।निर्माण कार्य के दौरान 440 वोल्ट क्षमता के बगल से गुजरे करंट युक्त विधुत तार के चपेट में एक मजदूर आ गया।
घटना के दौरान मजदूर बिजली करंट से बुरी तरह झुलसकर घायल हो गया। अचेतावस्था में निर्माण कार्य में जुटे मजदूर कार्य को छोड़कर घटनास्थल की ओर दौड़े और घायल मजदूर को उठाकर आनन फानन में इलाज हेतु सदर अस्पताल शेखपुरा में भर्ती कराया गया। जहां घायल मजदूर की पहचान वैशाली जिला अंतर्गत महुआ थाना क्षेत्र के मिर्जा नगर निवासी राम प्रवेश पंडित के 26 वर्षीय पुत्र किशुन कुमार के रूप में की गई।
सदर अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा बुरी तरह घायल मजदूर का इलाज किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद नगर परिषद शेखपुरा के कई अधिकारी और कर्मी सदर अस्पताल आ पहुंचे। घटना में मजदूर का हाथ पैर और पीठ सहित शरीर का अन्य भाग बुरी तरह झुलस गया है। घायल मजदूर की हालत चिंताजनक बताई गई है।