शेखपुरा। जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा के तहत सदर प्रखंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को विशेष आयोजन कर 27 पुरुषों का नसबंदी और 23 महिलाओं का बंध्याकरण किया गया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉक्टर पृथ्वीराज और अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार सिंह द्वारा सभी लाभुकों को कंबल अंग वस्त्र और गुलदस्ता देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि इस पखवारा के अंतर्गत जिले में लगभग 500 नसबंदी और बंध्याकरण का लक्ष्य रखा गया है ।

जिसमें से अभी तक 150 से ज्यादा की संख्या में यह उपलब्धि प्राप्त की जा चुकी है और अन्य जगहों पर यह अभियान मिशन मोड में चल रहा है। उन्होंने सदर प्रखंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इस उपलब्धि का सारा श्रेय सामुदायिक उत्प्रेरक प्रभास पांडे को दिया। साथ ही उनके साथ कार्यरत प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक एएनएम और आशा दीदी के साथ समन्वय के कारण इस बड़ी उपलब्धि को पाने में सफलता मिली। सिविल सर्जन लोगों को छोटा परिवार सुखी परिवार का संदेश देते हुए आगे आकर लोगों को परिवार नियोजन के अस्थाई और स्थाई उपायों का प्रयोग करने की अपील की। अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि पुरुष नसबंदी के मामले में स्वास्थ विभाग हमेशा महिला बंध्याकरण से पीछे रहता था।
लेकिन इस बार स्वास्थ्य कर्मियों और आशा दीदी के अथक प्रयास के कारण उपलब्धि प्राप्त हो रही है। बुधवार को विशेष आयोजन के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अरियरी के साथ-साथ अन्य सरकारी अस्पतालों में भी बड़ी संख्या में ऑपरेशन का कार्य सफलतापूर्वक किया गया।
source:शेखपुरा की हलचल