जानलेवा हमले के मामले का फरार आरोपी धराया, 4 संगीन कांडों का नानमजाद अभियुक्त
शेखोपुरसराय। स्थानीय थाना पुलिस ने जानलेवा हमले के एक मामले के फरार आरोपी बबलू पांडेय को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। छापामारी का नेतृत्व थाना अध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक प्रमोद कुमार ने किया। गिरफ्तार फरार आरोपी मोहब्बतपुर गांव निवासी अमिरक पांडेय का पुत्र बताया गया है।

4 माह पूर्व गांव में घटित एक जानलेवा हमले में 3 लोग बुरी तरह घायल हो गए थे। जिसमे एक घायल को हायर सेंटर पावापुरी इलाज हेतु रेफर कर दिया गया था। घटना के संबंध घायल विजय पांडेय ने एक प्राथमिकी स्थानीय थाना में धारा 307 के तहत दर्ज कराई थी। जिसमे गांव के ही 8 लोगो को नामजद अभियुक्त बनाया गया था।
4 माह से चल रहा था फरार, जेल से जमानत पर छूटकर आया था
इस बाबत थाना अध्यक्ष ने बताया कि इस मामले के एक आरोपी मार्कण्डेय पाण्डेय को पुलिस ने पिछले दिनों गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी हैं। जबकि गिरफ्तार फरार आरोपी सहित 7 लोग फरार चल रहे थे। थाना अध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध स्थानीय थाना में 4 संगीन कांड पहले से ही दर्ज है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार फरार आरोपी एक अन्य मामले में पूर्व में जेल जा चुका है। साथ ही घटना के बाद से यह गिरफ्तारी के भय से अन्यत्र छुपकर रह रहा था। गिरफ्तार आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।