सरकारी राजस्व चोरी के मामले में फरार क्रशर मालिक गिरफ्तार
शेखपुरा। जिले के हथियावा ओपी पुलिस ने सदर प्रखंड के बिहटा गांव में छापामारी कर सरकारी राजस्व चोरी के मामले में छह माह से फरार चल रहे एक फरार आरोपी और क्रशर उद्योग मालिक युगल यादव को गिरफ्तार करने में सफलता पाई।
गिरफ्तार फरारी बिहटा गांव निवासी बालेश्वर यादव का पुत्र बताया गया है।छापामारी का नेतृत्व ओपी अध्यक्ष सह पुलिस सब इंस्पेक्टर विजय कुमार ने की। इस बाबत ओपी अध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार फरारी के ऊपर सिविल कोर्ट शेखपुरा द्वारा छह माह पहले गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। तब से आरोपी फरार चल रहा था।
सूत्रों ने बताया कि वर्ष 2011 में शेखपुरा के तत्कालीन जिला खनिज विकास पदाधिकारी झखारी राम द्वारा गिरफ्तार क्रशर उद्योग मालिक युगल यादव के विरुद्ध स्थानीय नगर थाना में अवैध रूप से क्रशर चलाने तथा सरकारी खनन राजस्व का चोरी करने का आरोप लगाते हुए एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी। ओपी अध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तारी के भय से आरोपी छुपकर रह रहा था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर घर में छापामारी कर फरारी को धर दबोचा। जिसे बाद में कड़ी पुलिस निगरानी में जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।