यातायात थाना पुलिस ने बिना हेलमेट के सफर करने वाले बाईक चालकों के खिलाफ चलाया विशेष चेकिंग अभियान
शेखपुरा। जिला मुख्यालय में पिछले माह विधिवत रूप से यातायात थाना की स्थापना के बाद पहली बार गुरुवार के दिन इस थाने में वृहत पैमाने पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान लगभग डेढ़ सौ दोपहिया वाहनों की जांच की गई। इस विशेष अभियान के कारण बाईक चालकों के बीच दिन भर अफरा तफरी का माहौल कायम रहा।नगर थाना के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान 35 बाईक चालकों से वसूला ₹33500 का जुर्माना
अभियान का नेतृत्व यातायात थाना अध्यक्ष प्रजेश कुमार दुबे के द्वारा किया गया। इस दौरान बिना हेलमेट के सफर करने के आरोप में पकड़े 35 बाईक चालकों से कुल 33 हजार 500 का जुर्माना लगाया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना अध्यक्ष ने बताया कि मुख्य रूप से हेलमेट जांच की गई। जहां 35 वाहन चालकों को बिना हेलमेट के पकड़ा गया है। जिन पर जुर्माना लगाया गया है। इससे पहले दल्लू चौक पर भी कुछ दिनों पहले वाहन जांच के क्रम में 13 हजार 500 का फाइन काटा गया। उन्होंने बताया मुख्य रूप से वाहन जांच का अभियान जारी रहेगा। जिसमें हेलमेट जांच और कागजातों की जांच की जाएगी।
इस जांच के कारण चोरी की गाड़ियों पर नजर रखी जाएगी। साथ ही शराब तस्करों पर भी नकेल कसी जाएगी। इस वाहन जांच अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक ज्योतिष कुमार, सिपाहियों में राजू कुमार,रवि कुमार, विवेक कुमार, रोशन कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वाहन जांच के क्रम में थाने में वाहनों की लंबी भीड़ लगी रही। वहीं वाहन जांच होता देख कई वाहन चालक वैकल्पिक रास्ते से भागते नजर आए।