घर में घुसकर एक लाख रूपये के जेवरात की चोरी, किशोर को पुलिस ने पकड़ा

शेखपुरा। जिले के बरबीघा थाना अंतर्गत केवटी पुलिस ओपी क्षेत्र के केवटी गांव स्थित एक मकान का छत फांदकर बीती रात्रि घर में रखे बक्से का कुंडी तोड़कर एक लाख रुपए मूल्य के सोने का आभूषण चुरा लिए जाने की घटना घटी। इस घटना के सिलसिले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल एक किशोर को धर दबोचा।

Kevti Police
घर में घुसकर एक लाख रूपये के जेवरात की चोरी

गिरफ्तार किशोर उसी गांव का रहने वाला बताया गया है। छापामारी का नेतृत्व केवटी ओपी अध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक हरेंद्र कुमार सिंह ने की। इस बाबत ओपी अध्यक्ष ने बताया कि घटना के संबंध में केवटी गांव निवासी शिवदानी सिंह के पुत्र उदय सिंह द्वारा स्थानीय थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

जिसमे पकड़े गए किशोर को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।उन्होंने बताया कि पीड़ित के घर के कमरे के अंदर रखे बक्से का कुंडी तोड़कर बक्से में रखा सोने का चैन और अंगूठी सहित अन्य जेवरात को चुरा लिया। ओपी अध्यक्ष ने बताया कि अपने भाई की तबीयत बिगड़ जाने के कारण गृहस्वामी अपने बक्से से रुपयों को निकालकर इलाज कराने बीते दिन बरबीघा शहर चले गए थे।

इसी बीच किशोर चोर उनके घर का छत फांदकर घर में घुसकर घटना को अंजाम दिया। घटना को अंजाम देने के बाद वह छत से नीचे कूद कर भाग निकला था। उन्होंने बताया कि किशोर द्वारा गांव में कई चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। लेकिन उन घटनाओं के बारे में किसी के द्वारा कोई प्राथमिकी पुलिस थाने में दर्ज नहीं कराई है। पकड़े गए गए किशोर को चोरी के आरोप में कोर्ट भेजने की तैयारी की जा रही है।